फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यमुनानगर: अमेरिका के साथ ट्रेड डील के विरोध में सड़कों पर उतरे किसान, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

वीरवार को भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के बैनर तले किसानों ने अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील का जोरदार विरोध किया। सुबह जगाधरी अनाज मंडी में 100 से अधिक किसान एकत्रित हुए और वहां से रोष मार्च निकालते हुए लघु सचिवालय तक पहुंचे। इस दौरान कुछ किसान गाड़ियों के बोनट पर सवार रहे, जबकि अधिकांश किसान पैदल मार्च करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। लघु सचिवालय पहुंचकर किसानों ने प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रमन त्यागी भी किसानों के समर्थन में पहुंचे और केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधा। भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के जिला अध्यक्ष संजू गुंदियाना ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न देशों के साथ की जा रही ट्रेड डील किसानों के हितों के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि पहले से ही किसान बढ़ती लागत, फसलों के उचित मूल्य की कमी, प्राकृतिक आपदाओं और कर्ज के बोझ जैसी समस्याओं से जूझ रहा है, जिससे कई बार किसान आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो जाते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विदेशी कृषि उत्पादों को भारतीय बाजार में प्रवेश मिलता है, तो सस्ते आयात के कारण घरेलू फसलों की कीमतें गिरेंगी और किसानों की आय पर नकारात्मक असर पड़ेगा। साथ ही, इन समझौतों से बहुराष्ट्रीय कंपनियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे कृषि क्षेत्र में निजीकरण और कॉर्पोरेट नियंत्रण बढ़ने का खतरा है, जो खाद्य सुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय है। किसानों ने अपनी मांगों में कृषि, डेयरी, पोल्ट्री और अन्य सहायक धंधों को किसी भी मुक्त व्यापार समझौते से बाहर रखने, न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी सुनिश्चित करने और किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग उठाई। मौके पर भाकियू के डायरेक्टर मनदीप, विक्की, विक्रांत, गुरवीर सिंह, राजीव सहित कई किसान मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें