हरियाणा में बिजली विभाग की नई ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी के खिलाफ कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। बुधवार को यमुनानगर में एस.ई. कार्यालय के बाहर दर्जनों कर्मचारियों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि यह पॉलिसी उनके लिए घातक साबित होगी और बिजली के खतरनाक कार्यों में अनजान उपकरणों से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाएगा। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने बताया कि वे लंबे समय से यहां कार्यरत हैं और स्थानीय बिजली की लाइनों, तारों तथा अन्य उपकरणों की पूरी जानकारी रखते हैं। ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी लागू होने पर कर्मचारियों को अन्य स्थानों पर भेजा जाएगा, जहां उन्हें नए क्षेत्र के उपकरणों और सिस्टम की कोई जानकारी नहीं होगी। बिजली का कार्य बेहद जोखिम भरा होता है, ऐसे में अनजान उपकरणों के साथ काम करने से गंभीर हादसे हो सकते हैं।