यमुनानगर जिले के राशन डिपो होल्डर आज जिला खाद्य आपूर्ति विभाग कार्यालय पहुंचे और खराब 2G मशीनों, बकाया कमीशन, और राशन वितरण में हो रही समस्याओं को लेकर ज्ञापन सौंपा। डिपो होल्डरों ने प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर विभाग के खिलाफ रोष जताया। डिपो होल्डर प्रधान सुशील मित्तल ने बताया कि 2017 में दी गई 2G मशीनें अब ठीक से काम नहीं कर रही हैं, जिसके कारण राशन उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा, "5G के जमाने में हमें पुरानी 2G मशीनों से काम करना पड़ रहा है, जो लगभग खराब हो चुकी हैं। बायोमेट्रिक सत्यापन के लिए तीन अंगूठे लगाने की प्रक्रिया में भी राशन धारकों और डिपो होल्डरों को परेशानी हो रही है।" उन्होंने यह भी बताया कि लंबे समय से डिपो होल्डरों का कमीशन बकाया है, जिसके भुगतान की मांग को लेकर वे पहले भी कई बार विभाग को अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में आज डिपो होल्डरों ने खाद्य आपूर्ति विभाग कार्यालय के बाहर मशीनें लेकर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा।विभाग के अधिकारी जतिन मित्तल ने डिपो होल्डरों को आश्वासन दिया कि उनके मांग पत्र को मुख्यमंत्री और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई मशीनों और बकाया कमीशन की समस्या का जल्द समाधान करने की कोशिश की जाएगी।