ग्रीनफील्ड राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच)-352ए पर मोहाना गांव के पास चालू किए गए टोल प्लाजा पर विभिन्न गांवों के लोगों ने पहुंचकर विरोध किया। ग्रामीणों ने 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले गांवों के वाहन चालकों के टोल माफ करने की मांग उठाई। आरोप है कि वाहन चालकों से निर्धारित दर से ज्यादा टोल वसूलीरविवार को भी जारी रही। इस दौरान वाहन चालकों की टोल कर्मियों से कई बार बहस भी हुई, लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिल सकी। गांव नैना ततारपुर, मोहाना, जाजी, तिहाड़ खुर्द के ग्रामीण रविवार को टोल प्लाजा पर पहुंचे। उन्होंने एनएचएआई की ओर से चालू किए गए टोल प्लाजा को लेकर हंगामा किया। ग्रामीणों ने 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले गांवों के वाहन चालकों को टोल माफ करने की मांग उठाई। उन्होंने चेतावनी दी कि टोल माफ न होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जिला से बाहर दूसरी जगह जाने के लिए हर मार्ग पर टोल लगा दिए गए है। महंगाई के दौर में सोनीपत जिले के वाहन चालकों के साथ जबरदस्ती वसूली की जा रही है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।