सोनीपत के संयुक्त किसान मोर्चा व केंद्रीय ट्रेड यूनियनों की संयुक्त बैठक रविवार को गोहाना रोड स्थित छोटूराम धर्मशाला हुई। संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य कामरेड ईश्वर सिंह राठी ने बताया कि 26 नवंबर को देशभर में सरकार की किसान व मजदूर, कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन व धरने दिए जाएंगे। सोनीपत शहर में पदाधिकारी व कार्यकर्ता सुबह 11 बजे पंचायत भवन में इक_ा होकर और शहर में जुलूस निकालते हुए अपनी मांग उठाई जाएगी। आनंद शर्मा ने कहा कि संयुक्त किसान मोर्चा के साथ किसान आंदोलन के दौरान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी गारंटी देने का आश्वासन दिया था, लेकिन सरकार उससे मुकर चुकी है। डीएपी खाद की मारामारी बढ़ी हुई है। सरकार आए दिन जनता को गुमराह करते हुए कह रही है कि खाद की कोई कमी नहीं है जबकि खाद ब्लैक में बेचा जा रहा है। वरिष्ठ सदस्य कामरेड श्रद्धानंद सोलंकी ने कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन ही विकल्प है। सरकार चार लेबर कोड लाकर मजदूरों के अधिकारों को भी समाप्त कर रही है। सरकारी महकमों को पूंजी पतियों के हवाले कौडिय़ों के भाव किया जा रहा है। पेंशन के लिए कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन एनपीएस की जगह यूपीएस लाकर सरकार ने एक नई चाल चली है। हाइटेंशन लाइन और तेल रिफाइनरी की लाइन बिछाने के लिए किसानों की जमीन छीनी जा रही है। बैठक में हंसराज राणा, शीलक राम मलिक, कपिल देव, जयकरण दहिया, सुरेश राणा, मास्टर नफे सिंह मलिक, रूपचंद, प्रताप सिंह, रणबीर मलिक, राजबीर मलिक, भगत सिंह भी मौजूद रहे।