सोनीपत। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला मंगलवार दोपहर ब्रिगेडियर ओपी चौधरी के निवास पर पहुंचे व उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। साथ ही उनके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि ब्रिगेडियर ओपी चौधरी का निधन केवल उनके परिवार की ही नहीं बल्कि पूरे इनेलो परिवार व समाज की बड़ी क्षति है। ब्रिगेडियर साहब व चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के बीच गहरा व आत्मीय संबंध रहा। दोनों ने लंबे समय तक हरियाणा की शिक्षा, सामाजिक व्यवस्था और राजनीति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वह महान शिक्षाविद, कुशल प्रशासक, अनुशासनप्रिय व्यक्तित्व और समाज में अत्यंत प्रतिष्ठित व्यक्ति थे। उन्होंने अपने जीवन में जिस भी जिम्मेदारी को संभाला, उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाया। वह आखिरी सांस तक इनेलो परिवार के साथ मजबूती से खड़े रहे। भावुक होते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे महान व्यक्तित्व का हमारे बीच से चले जाना अपूर्णीय क्षति है। इस मौके इनेलो जिला अध्यक्ष कुणाल गहलावत, प्रदेश सचिव कृष्ण मलिक, प्रदेश सचिव सुरेश त्यागी, पूर्व मेयर प्रत्याशी आनंद खत्री, इनेलो नेता अजित आंतिल, युवा जिला अध्यक्ष विकास मलिक, महिला जिला अध्यक्ष मनजीत फोगाट, अमन आहुलाना समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।