संवाद न्यूज एजेंसी सोनीपत। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) को लेकर जिले में आठ केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर रविवार दोपहर 2 बजे से परीक्षा शुरू हुई। जांच के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने दिया गया। दोपहर 12 बजे केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी थी। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों की दो चरणों में जांच (चेकिंग) कर उन्हें केंद्र में प्रवेश दिया गया है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर सुबह 11 से शाम 6 बजे तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 लागू की गई है। केंद्रों के 200 मीटर के दायरे, विद्यालय, महाविद्यालय या विश्वविद्यालय परिसर में आग्नेयास्त्रों, तलवारों, गंडासी, लाठी, बरछा, कुल्हाड़ी, जेली, चाकू व अन्य हथियार लेकर जाने पर पाबंदी लगाई गई है। परीक्षा केंद्रों पर नीट को लेकर आने वाले अभ्यर्थियों को दो चरणों बायोमेट्रिक सत्यापन व दस्तावेज की जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। हर परीक्षा केंद्र पर जांच व सुरक्षा को लेकर पुरुष व महिला कर्मियों की नियुक्ति की गई है। इनमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।