फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सोनीपत: गांव फरमाणा में भाजपा पर बरसे सांसद दीपेंद्र हुड्डा, कहा युवाओं की आवाज दबाना लोकतंत्र के खिलाफ, HPSC चेयरमैन दें इस्तीफा

खरखौदा। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध की आवाज को दबाने के बजाय संवाद के जरिए समाधान निकाला जाना चाहिए। छात्र आंदोलन, पेपर लीक, बेरोजगारी और विकास कार्यों के मुद्दे उठाते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए एकजुट होकर जनता के बीच जाने का आह्वान भी किया। रविवार को फरमाणा गांव स्थित दादा शोभनाथ मंदिर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दीपेंद्र हुड्डा ने केंद्र और हरियाणा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छात्र आंदोलन में शामिल युवाओं को विदेशी, गद्दार या देशविरोधी बताना दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना था कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले किसानों, फिर महिला खिलाडिय़ों और अब छात्रों को निशाना बनाया जा रहा है। कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की लड़ाई पहले भी लड़ती रही है और आगे भी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। उन्होंने नीट पेपर लीक प्रकरण का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री का इस्तीफा जनता और छात्रों के दबाव का परिणाम है। हालांकि उनका कहना था कि केवल इस्तीफे से समस्या का समाधान नहीं होगा। जब तक भर्ती और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। हरियाणा में पेपर लीक के मामलों का जिक्र करते हुए सांसद ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं पर लगातार सवाल उठे हैं। उन्होंने हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) के चेयरमैन से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की। साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री को भी इन मामलों की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए। कांग्रेस युवाओं, किसानों और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सडक़ से लेकर सदन तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में दीपेंद्र हुड्डा ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। इस दौरान सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक इंदूराज नरवाल, पूर्व सीपीएस जयवीर सिंह, पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार, जगबीर सिंह मलिक, विधायक पदम सिंह दहिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजीव दहिया, जयभगवान आंतिल, सुनील दहिया, मनोज रिढाऊ, दीपक लोहट आदि मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें