खनन एवं पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा व सांसद दीपेंद्र हुड्डा पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में खुद का नेता तय नहीं कर पा रही है, संगठन क्या बनाएगी। उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था पर विपक्षी नेताओं के बयान को खारिज करते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को अपने कार्यकाल में अपराध दर की समीक्षा करनी चाहिए। कृष्णलाल पंवार सोनीपत के गांव पुरखास में जैन समाज की ओर से आयोजित गुरुदेव भागमल महाराज की समाधि स्थल के उद्घाटन पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपेंद्र मुनि महाराज ने की। मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी आज तक विपक्ष का नेता तय नहीं कर पाई, वह संगठन व नेतृत्व की बात कैसे कर सकती है। मैं 1991 से विधायक हूं, पहली बार ऐसा देखा है कि विपक्ष खुद नेतृत्वहीन स्थिति में है।