जननायक जनता पार्टी (जजपा) के वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ौली, जाजल, दहिसरा, भैरा बाकीपुर, खुर्मपुर, गढ़ मिर्कपुर, मेहंदीपुर सहित विभिन्न बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित किसानों और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को जाना। खेतों में हुए नुकसान का मौके पर जायजा लिया गया। जिला अध्यक्ष अशोक सरोहा ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में हुई बारिश के चलते यमुना नदी में आए उफान के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हुई हैं। सैकड़ों एकड़ जमीन का कटाव यमुना नदी में हो गया है। कई गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पार्टी की ओर से सरकार को ज्ञापन दिया जाएगा जिससे पीड़ितों को जल्द मुआवजा और सहायता मिल सके। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि किसानों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए। जल निकासी की व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटने के लिए स्थायी समाधान पर काम किया जाए। इस दौरान दिनेश चौहान,अजीत आंतिल, बिजेंद्र आंतिल, राजपाल सेवली, रमेश बड़ौली, अनिल सरोहा, सुनील बड़ौली, चरण सिंह आंतिल, मनोज मलिक, रिंकू सरोहा भी मौजूद रहे।