सोनीपत। कारगिल विजय दिवस पर पुलिस लाइन के सामने स्थित शहीद स्मारक पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल युद्ध में अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान का परिचय देने वाले अमर शहीदों को नमन करना, युवाओं में राष्ट्र भक्ति और देश सेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। मेयर राजीव जैन ने शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर वीरों को नमन किया और उनके अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश के वीर सैनिकों के अद्वितीय पराक्रम और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है। कारगिल के रणबांकुरों ने विषम परिस्थितियों में अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश की सीमाओं की रक्षा की और विजय प्राप्त कर भारत का गौरव बढ़ाया। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव देशवासियों को राष्ट्रसेवा और देशभक्ति के लिए प्रेरित करता रहेगा। मेयर राजीव जैन ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए शहीद स्मारक परिसर में पौधरोपण भी किया। सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। इस दौरान जिला सैनिक बोर्ड से डब्ल्यूओ संदीप मलिक, सन्नी, रेखा, मनोज, सूबेदार मेजर राकेश आंतिल, सूबेदार मेजर राजेश दहिया, ऑनरेरी लेफ्टिनेंट विजय सिंह, मुकेश मलिक, हवलदार अनिल कुमार व हवलदार प्रदीप भी मौजूद रहे।