प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम के तहत भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह शनिवार को सोनीपत पहुंचे। यहां आयोजित प्रबुद्धजन नागरिक सम्मेलन में उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। अरुण सिंह ने कहा कि रेलवे, सड़क, इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल क्षेत्र में तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं के कारण 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। उनके अनुसार गरीब और वंचित वर्गों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने हितों का संरक्षक माना है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर चुका है और वैश्विक मंच पर उसकी प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है। अरुण सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा विकास और सुशासन के एजेंडे पर काम कर रही है, जबकि विपक्ष के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस दृष्टिकोण नहीं है। ममता बनर्जी को अतीत याद रखने की नसीहत पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण सिंह ने कहा कि ममता बनर्जी स्वयं कांग्रेस से अलग होकर अपनी पार्टी बनाई थी। ऐसे में उन्हें इस प्रकार के आरोप लगाने से पहले अपने राजनीतिक अतीत को भी याद रखना चाहिए।