राई औद्योगिक क्षेत्र स्थित कंपनी की चौथी मंजिल से गिरकर इंटर्नशिप करने आए युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। बताया जा रहा है कि युवक सेल्फी लेने के लिए छत पर चढ़ा था और सेल्फी लेने के चक्कर में छत से गिर गया। हादसे में जान गंवाने वाला युवक माता-पिता का इकलौता बेटा था। भिवानी के गांव चांग निवासी बलबीर का बेटा साकेत उम्र 19 साल बहुतकनीकी संस्थान से पढ़ाई कर रहा था। वह करीब एक माह पहले राई औद्योगिक क्षेत्र में स्थित कंपनी में इंटर्नशिप करने आया थे। युवक के साथ बिहार का आदित्य नाम का लड़का भी इंटर्नशिप कर रहा था। देर शाम दोनों कंपनी की चौथी मंजिल पर चढ़ गए। वहां साकेत सेल्फी लेने लगा। इसी दौरान आदित्य नीचे आ गया। कुछ देर बाद साकेत चौथी मंजिल से नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। कंपनी के कर्मचारियों की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई। राई थाना पुलिस ने मौके का मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भिजवाया।