विजय नगर कॉलोनी में गली बंद किए जाने से नाराज वार्ड पार्षद प्रवीण कौशिक व कॉलोनीवासियों ने शुक्रवार को निगम आयुक्त नरेंद्र कुमार और एसडीएम आशीष कुमार से मुलाकात की। उन्होंने गली बंद करने को लेकर रोष जताया। हाई कोर्ट में केस जीतने के बाद प्लॉट मालिक ने संबंधित भूमि पर दीवार बनाकर रास्ता बंद कर दिया है जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। इसके विरोध में वीरवार को कॉलोनीवासियों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था और गली को दोबारा खुलवाने की मांग उठाई। पार्षद प्रवीण कौशिक ने कहा कि यह रास्ता पिछले करीब 40 वर्षों से गली के रूप में इस्तेमाल हो रहा है और यह क्षेत्र का मुख्य मार्ग है। उनके अनुसार दीवार बनने से लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अदालत के आदेश का सम्मान किया जाएगा लेकिन प्लॉट मालिक को कब्जा लेने से पहले नगर निगम और कॉलोनीवासियों को अवगत कराना चाहिए था। इस प्रक्रिया में आवश्यक नियमों की अनदेखी की जा रही है।