वीरवार को सुबह से हो रही बारिश के कारण अनाज मंडी में खरीद कार्य ठप रहा। मंडी में खुले में पड़ा किसानों का अनाज बारिश में भीगता रहा। किसान खुद ही तिरपाल डालकर फसल बचाने में जुटे रहे। कबूलपुर निवासी किसान महेश चंद्र ने बताया कि वह 25 क्विंटल धान लेकर मंडी पहुंचे थे। मौसम को देखते हुए वह पहले से ही तिरपाल लेकर आए थे, जिससे धान को ढक लिया। लेकिन बारिश के चलते आज खरीद नहीं हो सकी। किसानों का कहना है कि मंडी में शेड की पर्याप्त व्यवस्था न होने से हर बार बारिश में परेशानी होती है। खरीद न होने से किसानों को मंडी में ही रुकना पड़ रहा है। किसानों ने प्रशासन से जल्द खरीद शुरू कराने और फसल के बचाव के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।