नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की रोहतक इकाई ने मंगलवार को स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल की शव यात्रा निकालकर सोनीपत स्टैंड चौक पर उनका पुतला दहन किया। कर्मचारियों ने सरकार और मंत्री पर सफाई कर्मचारियों की मांगों को अनदेखा करने का आरोप लगाया। नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार को 13वें दिन भी जारी रही। हड़ताल के कारण शहर में जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं और लोगों को बदबू व गंदगी की समस्या झेलनी पड़ रही है। संघ के इकाई प्रधान शंभू टांक ने कहा कि जब तक सरकार उनकी लंबित मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। नगर निगम कार्यालय से शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे और सरकार विरोधी नारेबाजी की।