गांव मसीत में 18 जुलाई की रात को हुई महिला की हत्या के मामले में 13दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों को न पकड़े जाने को लेकर आज गांव मसीत में पंचायत हुई। पंचायत में गांव के लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति भारी नराजगी दिखाई दी। पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि अभी भी 13 दिन बाद पुलिस की पकड़ से आरोपी दूर है। पंचायत में आज गांव ने फैसला किया है कि अगर आरोपी जल्द से जल्द नहीं पकड़े गए तो गांव की महिला एवं पुरूष सड़कों पर उतरकर रोड जाम तक करने को मजबूर होंगे। पंचायत में निर्णय लिया गया कि गांव के प्रतिनिधिमंडल उच्च अधिकारियों से भी इस विषय पर मिल कर जल्द से जल्द आरोपी तक पहुंचने की गुहार लगाएंगे। वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र में आए दिन लूटपाट, डकैती व हत्याएं जैसी वारदात सुनने में आ रही है ओर पुलिस प्रशासन सुस्ती में बैठा है। पंचायत में एक 25 सदस्यों की समिति बनाई गई है। जो आगे की रूपरेखा निर्धारित करेंगे। आज कि पंचायत में सभी ग्रामीणों ने एक सुर में ये फैसला लिया कि अगर आरोपी पकड़ने में पुलिस असफल रहती है तो क्षेत्र की एक महापंचायत बुलाकर बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। इस मौके पर सरपंच अशोक, युवा राजेश, प्रदीप, आशिष, पुनित, राहूल, कपिल, सज्जन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।