रेवाड़ी। एसडीएम सुरेश कुमार के तबादले की मांग को लेकर बार एसोसिएशन के बैनर तले वकीलों का आंदोलन सोमवार को और तेज हो गया। वकीलों ने अपनी मांगों के समर्थन में शक्ति प्रदर्शन किया और उपायुक्त अभिषेक मीणा को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग उठाई। सचिवालय के पास पहुंचने के बाद वकील गेट खोलकर अंदर घुस गए और सचिवालय के मुख्य गेट के सामने नारेबाजी की। वकीलों के सचिवालय में अंदर घुसने की सूचना के बाद डीसी अभिषेक मीणा बाहर आए और ज्ञापन लिया। वकीलों का जुलूस धरना स्थल से शुरू होकर नई चैंबर बिल्डिंग से होता हुआ बावल रोड के रास्ते जिला सचिवालय पहुंचा। सचिवालय के मुख्य द्वार बंद होने के बाद भी प्रतिनिधिमंडल अंदर पहुंचा और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बार एसोसिएशन ने एसडीएम के तबादले की मांग दोहराते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अधिवक्ताओं का कहना है कि न्यायिक व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने और आम लोगों के हितों की रक्षा के लिए प्रशासन को इस मामले में शीघ्र निर्णय लेना चाहिए। ----------------- एसडीएम का तबादला जनहित में आवश्यक: अधिवक्ता वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि उपायुक्त को दिए ज्ञापन में कहा है कि न्यायिक व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित करने तथा अधिवक्ताओं और आम नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए एसडीएम का तबादला जनहित में आवश्यक है। उन्होंने प्रशासन से मामले में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की। धरना स्थल पर आयोजित सभा में भी अधिवक्ताओं ने अपनी एकजुटता का प्रदर्शन किया। जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक धरना और आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बार एसोसिएशन किसी भी स्थिति में अपनी मांग से पीछे नहीं हटेगी।