श्री श्याम सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से मॉडल टाउन स्थित हिंदू हाई स्कूल में बुधवार 14 जनवरी मकर संक्रांति पर सर्वजातीय विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। इसमें 17 जोड़े विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। विधायक लक्ष्मण यादव समारोह की अध्यक्षता करेंगे। ट्रस्ट के मीडिया प्रभारी गोपाल शर्मा ने बताया कि ट्रस्ट की ओर से यह 23 वां सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। अभी तक ट्रस्ट 503 जोडों का विवाह करा चुका है। इस बार विवाह के लिए 26 जोड़ों ने आवेदन किया था किंतु इनमें से 17 जोडों के आवेदन ही सही पाए गये। 14 जनवरी को सभी जोड़ों का सनातन परंपरा के अनुसार पूर्ण रीति रिवाज से विवाह संपन्न कराया जाएगा। समारोह में समाजसेवी राहुल यादव दीप प्रज्वलित करेंगे तथा जुगनू गोयल माल्यार्पण करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्षा वंदना पोपली, बीएमजी ग्रुप के चेयरमैन राधेश्याम गुप्ता, समाजसेवी विकास गर्ग, ब्लाक समिति चेयरमैन प्रदीप बाम्बड, समाजसेवी रमेश सचदेवा व हरिसिंह सैनी शामिल होंगे।