पानीपत। अर्जुन नगर में श्रमिक मोतीलाल (29) ने लाखों रुपये ऑनलाइन ठगी से परेशान होकर तेजाब पीकर अपनी जान दे दी। श्रमिक को उनके पिता ने पिछले दिनों ही 30 हजार रुपये ब्याज पर लेकर दिए थे। इसके साथ अपने यार दोस्तों से भी रुपये उधार लिए थे। उसके पास विदेशी नंबर से लगातार फोन आते थे। अब ठगी की राशि वापस न आने पर परेशान था। पुराना औद्योगिक थाना पुलिस ने मामले में अभी आत्महत्या करने की सामान्य कार्रवाई की है। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिला के पिउरानिया गांव के सदा सिंह ने बताया कि वह पानीपत की एक फैक्टरी में काम करता है। उनके भाई मोतीलाल (29) भी एक अन्य फैक्टरी में काम करते थे। मोतीलाल अर्जुन नगर में किराये के कमरे में रहता था। उनके पास फोन आया कि मोतीलाल की तबीयत खराब है। वह जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे। उसे असंध रोड स्थित एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। मोतीलाल ने बताया कि उसने तेजाब पी लिया है। उसकी शुक्रवार देर रात को निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उनके एक साथी ने बताया कि मोतीलाल जहरीला पदार्थ पीकर अपने चाचा के लड़के के कमरे पर चला गया। इतनी देर में जहर का प्रभाव बढ़ गया। वह ठीक से बोल नहीं पाया तो उन्होंने उससे पूछा। मोतीराम ने बताया कि वह ऑनलाइन ठगी में लाखों रुपये खो चुका है। पुराना औद्योगिक थाना के प्रभारी अरविंद ने बताया कि परिजनों ने पुलिस को बयान में ऑनलाइन ठगी होने की जानकारी नहीं दी है। पुलिस को जहरीला पदार्थ निकलने के बारे में बताया है। उनके साथ ठगी की गई है तो इसकी शिकायत दे सकते हैं। इसके आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।