उग्राखेड़ी गांव के ग्रामीणों ने पानीपत-सनौली रोड स्थित पत्थर मार्केट में निगम की पिछले महीने कब्जाई जमीन को छुड़ाने की आवाज उठाई है। ग्राम पंचायत की करीब तीन कनाल 15 मरला जमीन है। पंचायत इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों को गुहार लगाएगी और जरूरत पड़ने पर कानूनी लड़ाई भी लड़ेगी। इस जमीन को ठेके पर देकर राशि को गांव के विकास कार्यों पर लगाया जाएगा। ग्रामीणों ने गांव की जमीन का विषय अमर उजाला के मेरा गांव मेरी शान अभियान के अंतर्गत वीरवार को चौपाल कार्यक्रम में उठाया। चौपाल कार्यक्रम गांव की मुख्य चौपाल के साथ ग्राम पंचायत सरपंच सुधीर मलिक के कार्यालय में किया गया। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के प्रतिनिधि इंजीनियर कृष्ण आर्य, पंचायत समिति सदस्य अनिल सैनी और स्वास्थ्य विभाग से पीएचसी के एमओ डाॅ. नितेश विशेष रूप से चौपाल में पहुंचे। ग्राम पंचायत सरपंच सीमा के प्रतिनिधि पति सुधीर मलिक ने इसकी अध्यक्षता की। ग्रामीणों ने चौपाल में विकास कार्यों और मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।