थाना तहसील कैंप की जसबीर कॉलोनी में रविवार रात को गर्दन में पेंचकस मारकर कर राकेश की हत्या के बाद परिजनों में आक्रोश है। परिजनों ने बताया कि आरोपी ने दिन में मृतक के भतीजे की पत्नी के पैर में ईंट मारी थी। शाम को वह माफी मांगने के बहाने घर पहुंचा। जब राकेश ने उसका विरोध किया तो गर्दन में पेंचकस मारकर उसकी हत्या कर दी। मृतक के परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर तहसील कैंप थाना पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को पकड़ने का आश्वासन दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मूल रूप से यूपी के शाहजहांपुर निवासी शिव कुमार ने बताया कि वह दो साल से जसबीर कॉलोनी में रह रहे हैं। उनके पास वाले कमरे में उनके चाचा राकेश भी रहते थे। कॉलोनी का अमन उनकी पत्नी पर अक्सर अश्लील टिप्पणी करता था। जिसका उन्होंने विरोध किया था। रविवार को आरोपी ने करीब तीन बजे अमन ने उनकी पत्नी के पैर में ईंट मार दी थी। जिसके बाद वह भाग गया था। शाम को करीब छह बजे वह उनके घर पर आया। उस समय वह और उनकी पत्नी दोनों घर पर ही थी। आरोपी ने माफी मांगी और कहा कि मेरे मम्मी-पापा ने तुम्हें बुलाया है। इसी बीच राकेश भी वहां पहुंच गए और उन्होंने आरोपी को वहां से जाने के लिए कहा। जिसके बाद वह नीचे जाने लगा। जब उनके मृतक राकेश भी सीढियों से नीचे उतरने लगे तो आरोपी ने उनकी गर्दन पर पेंचकस से वार कर दिया। जिससे वह घायल होकर गिर गए। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। परिजनों घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर तहसील कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया।