जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले और भारत की जवाबी एयर स्ट्राइक के बाद पानीपत जिले में सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए आज बुधवार शाम को विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान शाम 7:30 से 7:40 बजे तक पूरे जिले में 10 मिनट का ब्लैकआउट रहेगा। मॉक ड्रिल के तहत इंडियन ऑयल की पानीपत रिफाइनरी, नेशनल फर्टिलाइजर लिमिटेड (एनएफएल), पानीपत थर्मल पावर स्टेशन, जिला जेल, समालखा और इसराना में सुरक्षा व्यवस्था का अभ्यास किया जाएगा। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने बताया कि मुख्य सचिव के साथ बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि पानीपत रिफाइनरी, नेफ्था क्रेकर प्लांट, एनएफएल और थर्मल पावर प्लांट जिले की प्रमुख औद्योगिक इकाइयां हैं, जिनकी सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मॉक ड्रिल का समय इस प्रकार निर्धारित किया गया है- थर्मल पावर स्टेशन में शाम 5 बजे, रिफाइनरी में 6 बजे और एनएफएल में 7 बजे। इसके अलावा जिला सचिवालय, समालखा लघु सचिवालय, नगर निगम, इसराना तहसील, जिला कारागार और जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भी मॉक ड्रिल होगी।