नौजवानों के क्रांतिकारी संगठन आल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गेनाइजेशन (एआईडीवाईओ) की ओर से शुक्रवार को चितवन वाटिका, नारनौल में महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद का बलिदान दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के जिला सचिव कामरेड ओमप्रकाश ने कहा कि आजादी आंदोलन में युवाओं की कुर्बानियां देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं और आजाद का जीवन संघर्ष युवाओं के लिए आदर्श है। उन्होंने युवाओं से शहीदों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया। एआईडीवाईओ जिला संयोजक सतीश कुमार व एआईयूटीयूसी जिला सचिव छाजूराम रावत ने कहा कि युवाओं को महान क्रांतिकारियों के आदर्शों को अपनाकर शोषण-मुक्त समाज निर्माण के लिए आगे आना चाहिए। कार्यक्रम में कई सामाजिक कार्यकर्ता व युवा मौजूद रहे।