निजामपुर थाना क्षेत्र के गांव तलोट में आपसी रंजिश के चलते एक युवक की हत्या कर दी गई। इस दौरान बीच-बचाव करने आई उसकी मां को भी चोट लगी है जो गंभीर रूप से घायल है। घटना सोमवार रात करीब 8 बजे की है। मृतक की पहचान तलोट निवासी हरिश के रूप में हुई है। मृतक की मां ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2 फरवरी की रात वह अपने मकान के अंदर थी, वही उसका बेटा हरिश घर के सामने आग जलाकर बैठा था। इस दौरान बाहर झगड़े की आवाज सुनाई दी। जब वह बाहर आई तो उसके बेटे हरीश को लाठी-डंडों से करीब 4 से 5 लोग पीट रहे थे। विद्या देवी ने आरोप लगाया कि जब वह अपने बेटे को छुड़ाने लगी तो उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी, जिस पर एंबुलेंस मौके पर पहुंची और मां-बेटे दोनों को सरकारी अस्पताल नारनौल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने हरिश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।