हर घर तिरंगा अभियान के तहत वीरवार शाम दौंगड़ा अहीर में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। इस यात्रा में हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और इसका नेतृत्व किया। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिकों और गणमान्य लोगों ने देशभक्ति के जोश के साथ हिस्सा लिया। यात्रा की शुरुआत शहीद सूबेदार विजय सिंह के स्मारक से हुई और इसका समापन शहीद महावीर प्रसाद के स्मारक पर हुआ। स्वास्थ्य मंत्री ने शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा देश को आजादी दिलाने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों और देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए वीर सैनिकों को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने सभी नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय रूप से योगदान देने और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। तिरंगा यात्रा में अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक भी मौजूद थे।