नारनौल। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर नगर पालिका और अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की काम छोड़ हड़ताल शुक्रवार को नौवें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने संबंधी परिपत्र जारी नहीं करती, तब तक हड़ताल जारी रखी जाएगी। इस दौरान कर्मचारी धरना स्थल पर ही स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे। हड़ताल की अध्यक्षता नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई प्रधान भूपेंद्र सिंह और फायर इकाई प्रधान गुरदयाल सिंह ने की। संघ नेताओं ने बताया कि शुक्रवार को चंडीगढ़ भवन में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के प्रतिनिधिमंडल की प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी सहित मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ वार्ता हुई। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार 13 मई 2026 को हुए समझौते के अनुसार कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने और अन्य मांगों से संबंधित परिपत्र जारी करने से पीछे हट रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों को नियमित करने का वादा किया था, लेकिन अब वादा पूरा नहीं किया जा रहा है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि प्रदेशभर के कर्मचारियों ने हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया है। जब तक मांगों को लेकर सरकार की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक राज्य कमेटी द्वारा घोषित आगामी कार्यक्रमों को जारी रखा जाएगा।