इलाके में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों पर भारी कहर बरपाया है। मंगलवार रात हुई तेज बारिश से रबी की मुख्य फसलें सरसों, गेहूं और चना खेतों में भीगकर खराब हो गईं। कई किसानों ने सरसों की कटाई कर फसल को इकट्ठा कर लिया था, लेकिन थ्रेसिंग से पहले ही बारिश ने उसे नुकसान पहुंचा दिया। वहीं गेहूं की कटाई के दौरान खेतों में रखी पूलियां भी भीग गईं, जिससे गुणवत्ता और उत्पादन दोनों प्रभावित होने की आशंका है। किसानों के अनुसार इस बार रबी फसल अच्छी तैयार हुई थी और वे इसे घर लाने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अचानक हुई बारिश ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। सरसों जहां इलाके की प्रमुख नकदी फसल है, वहीं गेहूं से किसानों के परिवार का भरण-पोषण और पशुओं का चारा सुनिश्चित होता है। ऐसे में फसल नुकसान से किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन के जिला सचिव डॉ. व्रतपाल सिंह और छाजूराम रावत ने प्रभावित खेतों का दौरा कर नुकसान का आकलन किया। संगठन ने सरकार से मांग की है कि किसानों को 50,000 रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाए और वास्तविक नुकसान के अनुरूप राहत प्रदान की जाए। साथ ही फसल खरीद को सी2+50% फार्मूले पर सुनिश्चित करने और प्रति क्विंटल बोनस देने की भी मांग की गई है।