कनीना उपमंडल में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एंटी करप्शन ब्यूरो) गुरुग्राम ने वीरवार को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए पटवारी विक्रम सिंह को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। एसीबी की टीम की ओर से शिकायत के आधार पर वीरवार को यह कार्रवाई की है। एंटी करप्शन अधिकारी जाकिर हुसैन तथा ड्यूटी मजिस्ट्रेट एसडीओ अनिल कुमार सिंचाई विभाग की देखरेख में यह कार्रवाई गांव रामबास निवासी शिकायतकर्ता अमनदीप सिंह की लिखित शिकायत पर की गई। शिकायतकर्ता अमनदीप सिंह के अनुसार पटवारी विक्रम सिंह ने उसकी जमीन की तकसीम तथा एक लोन संबंधी कार्य निपटाने के बदले कुल 22,500 रुपए की रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने इस अवैध मांग की सूचना विजिलेंस टीम को दी, जिसके बाद ब्यूरो ने रणनीति बनाकर वीरवार को कार्रवाई की।