नारनौल। गांव कटकई के खेल मैदान में संचालित कुश्ती खेल नर्सरी में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले खिलाड़ी दंगल व मैट कुश्ती में दांव-पेंच आजमा रहे हैं। गांव कटकई में खेल नर्सरी सत्र 2024-25 में शुरू की गई थी और मौजूदा सत्र में करीब 60 खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कोच उधम सिंह ने बताया कि वर्ष 2024 में यमुनानगर में आयोजित एसजीएफआई प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने 4 स्वर्ण, 7 रजत व 11 कांस्य पदक जिले के लिए जीते थे। स्वर्ण पदक जीतने वाले 4 खिलाड़ियों ने जनवरी 2025 में दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर प्रतियोगिता में भाग लिया था। वहीं खेल नर्सरी के 3 खिलाड़ी आगामी 21 से 23 अगस्त तक हरिद्वार में होने वाली राष्ट्रीय स्तर ग्रैपलिंग रेसलिंग में भाग लेंगे। वहीं 9 से 19 वर्ष आयु के अनेक खिलाड़ी शहरी व ग्रामीण क्षेत्र में होने वाले मेले दंगल में भी भाग लेते हैं।