मंडी अटेली में शिवरात्रि का पर्व पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शिव मंदिरों को दुल्हन की तरह सजाया गया और दिनभर भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। महिलाओं ने व्रत रखकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। कांवड़ियों ने किया जलाभिषेक शिव भक्तों ने हरिद्वार, गंगोत्री और नीलकंठ से डाक कांवड़, झूला कांवड़ और खेड़ी कांवड़ लाकर शिवलिंग का जलाभिषेक किया। डीजे, ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूमते हुए कांवड़िए मंदिरों तक पहुंचे और "बम बम भोले", "जय भोले की" के जयकारों के साथ जल चढ़ाया। गांव-गांव में रही भक्ति की धूम क्षेत्र के गांव बिहाली, फतेहपुर धाम, कस्बा अटेली, कांटी, नावदी, बेगपुर, सलीमपुर, गुजरवास तथा मिर्जापुर-बाछौद सहित अन्य गांवों के शिव मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। मंदिर परिसरों में भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण भी किया गया। श्रद्धालुओं ने कहा कि शिवरात्रि के दिन जलाभिषेक और व्रत से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं।