राज्य स्तरीय खेल महाकुंभ के प्रथम चरण में पंचकुला में आयोजित एथलेटिक्स खेलों में जिले के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदक जीते हैं। एथलेटिक्स इंचार्ज पवन कुमार ने बताया कि महिला वर्ग की 10 हजार मीटर दौड़ में पूनम ने तीसरा स्थान प्राप्त करते हुए कांस्य पदक और पुरुष वर्ग में ऊंची कूद प्रतियोगिता में लक्की ने प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने बताया कि एथलेटिक्स में जिले के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर रहा है और शेष बची हुई एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी पदक की उम्मीद बनी हुई है। वहीं, पंचकुला में आयोजित अन्य खेल महिला हॉकी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल और हैंडबॉल में जिले के खिलाड़ियों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा और सभी टीमें प्रथम चरण में हारकर बाहर हो गईं। रोहतक में आयोजित नेटबॉल प्रतियोगिता में भी महिला व पुरुष वर्ग की टीमें प्रथम चरण में हारकर बाहर हो गईं।