समर्थन मूल्य पर सरसों खरीद शुरू होने के बाद भी नई अनाज मंडी में शाम होते ही सन्नाटा छा जाता है। किसानों को परेशानी न हो इसके लिए 24 घंटे गेटपास जारी करने की बात भी कहीं गई थी। लेकिन अभी बहुत कम संख्या में किसान सरसों बेचने आ रहे हैं। मंडी की व्यवस्थाओं को लेकर बुधवार रात 8 बजे संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने दौरा किया जहां पर गेटपास जारी करने के लिए कर्मचारी तो बैठा हुआ था लेकिन किसान नहीं मिले। वहीं, टीन शैड के नीचे सरसों की ढेरी लगी हुई थी। इसके बाद 8.45 मिनट पर गेटपास जारी करने के लिए बैठे कर्मचारियों के पास टीम पहुंची तो वहां पर गाड़ी चालक खड़ा जो बाहर लेकर जाने के लिए पास बनवा रहा था। इसके बाद 9 बजे आढ़तियों की दुकानाें की तरफ का दौरा किया तो सभी बंद मिली। वहां पर कोई किसान भी नहीं था। बता दें कि बीत दिनों बारिश की वजह से थ्रेसिंग कार्य प्रभावित हो गया था जिसकी वजह से सरसों की आवक बहुत कम है। नारनौल नई अनाज मंडी में वीरवार को 60 गेटपास जारी किए गए इस दौरान करीब 1300 क्विंटल सरसों की आवक भी हुई। वहीं, अटेली मंडी में करीब 105 गेटपास और 2500 क्विंटल सरसों की आवक हुई। अभी सरसों में नमी होने की वजह से मंडी में कम ही किसान सरसों लेकर पहुंच रहे हैं।