नारनौल। नांगल चौधरी में आयोजित भव्य तिरंगा यात्रा के दौरान हरियाणा के पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव ने स्वतंत्रता सेनानी और 1857 के महानायक राव तुलाराम के नाम पर राजनीति करने वालों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का नाम लिए बगैर कहा कि अब भी राव तुलाराम के कंधे से उतरकर खुद के बल पर राजनीति करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। मंच से जनता को संबोधित करते हुए डॉ. अभय सिंह यादव ने कहा कि दुनिया में किसी भी देश या समाज ने शहीदों और शहीद परिवारों को कभी अपनी राजनीति का माध्यम नहीं बनाया। लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतने दशकों बाद भी कुछ लोग राव तुलाराम के नाम का सहारा लेकर अपनी राजनीति चमकाने में लगे हुए हैं। तंज कसते हुए पूर्व मंत्री ने कहा सामान्य जीवन में 20-25 साल का होने के बाद बेटा भी अपने पिता से कह देता है कि वह अपनी रोजी-रोटी खुद कमा लेगा। लेकिन 50 साल से भी अधिक समय बीत जाने के बाद भी कुछ लोग ऐसे हैं जो राव तुलाराम के कंधे से उतरकर खुद के बल पर राजनीति करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह और समाज से इस विषय पर गंभीरता से सोचने का आह्वान किया। डॉ. यादव ने कहा कि राजनीति को अलग रखा जाना चाहिए और राव तुलाराम की महान शहादत को पूरे देश तथा दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहने देना चाहिए।