सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की जिला स्तरीय बैठक शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान कौशल कुमार यादव ने की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में सर्व कर्मचारी संघ के राज्य वरिष्ठ उपप्रधान जरनैल सिंह मौजूद रहे। उनके साथ नगर पालिका कर्मचारी संघ के राज्य कैशियर महेंद्र सिंह संगेलिया और सर्व कर्मचारी संघ के राज्य सचिव महेंद्र बोयत भी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए जरनैल सिंह ने कहा कि हरियाणा सरकार की कर्मचारी विरोधी नीतियों के कारण कर्मचारी वर्ग परेशान है। कर्मचारियों की मांगों और समस्याओं को लेकर प्रदेश के सभी जिलों में बैठकें आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने विभिन्न विभागों में कार्यरत कच्चे कर्मचारियों को जल्द पक्का करने और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक जीवन यापन के लिए पुरानी पेंशन योजना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की तर्ज पर हरियाणा में भी एक्स-ग्रेशिया नीति लागू की जानी चाहिए। साथ ही 20-20 वर्षों से कार्यरत पार्ट टाइम कर्मचारियों के लिए नीति बनाकर उन्हें नियमित किया जाए। बैठक में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई नारनौल के प्रधान भूपेंद्र सिंह, जिला सचिव राहुल सारवान, भीम सिंह, राजेश, महावीर प्रसाद, प्रवीण कुमार, देवानंद, महेंद्र दायमा, लखन, मनोज देवी, सुशीला देवी, मंजू देवी, ममता, सुनीता और उर्मिला सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।