नारनौल। आज रोजगार को लेकर युवा काफी चिंतित रहता है। इसे लेकर विभाग द्वारा समय-समय पर सेमिनार व शिक्षण संस्थानों में रोजगार मेले का आयोजन कर उन्हें रोजगार दिलाने के लिए भी प्रयासरत रहता है। वर्तमान में महेंद्रगढ़ जिले में करीब 20 हजार युवा सक्षम युवा योजना का लाभ ले रहे हैं। यह बातें अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित अपराजिता कार्यक्रम में रोजगार विभाग के एईओ जितेंद्र कुमार ने कहीं। राजकीय महिला महाविद्यालय में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अजीत चौधरी ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में रोजगार विभाग के एइओ जितेंद्र कुमार, लिपिक राकेश कुमार व कॉलेज की डीन डॉ. आरपी सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। एइओ जितेंद्र कुमार ने कहा कि 12वीं पास पात्र युवाओं को 1,200 रुपये बेरोजगारी भत्ता तथा 6,000 रुपये मानदेय, स्नातक युवाओं को 2,000 रुपये बेरोजगारी भत्ता व 6,000 रुपये मानदेय तथा स्नातकोत्तर युवाओं को 3,500 रुपये बेरोजगारी भत्ता और 6,000 रुपये मानदेय दिया जाता है। रोजगार विभाग लिपिक राकेश कुमार ने योजना की जानकारी देते हुए कहा कि विभाग का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को आर्थिक सहायता देने के साथ उन्हें कार्य-कुशल बनाना और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि योजना के लिए आवेदक की आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा वह हरियाणा का निवासी होना चाहिए। परिवार पहचान पत्र में वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम होना भी जरूरी है। उन्होंने बताया कि फिलहाल सरकारी विभागों से मांग कम होने के कारण योजना के लिए आवेदन भी कम हो रहे हैं। छात्राओं को योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए हरियाणा रोजगार विभाग के पोर्टल पर जानकारी लेने के लिए प्रेरित किया गया।