यात्रियों की बढ़ती संख्या और अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली-रींगस के बीच अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन नारनौल रेलवे स्टेशन से भी होकर गुजरेगी, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को रींगस और दिल्ली की ओर आने-जाने में सुविधा मिलेगी।उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 04415 दिल्ली-रींगस अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 3 सितंबर से 5 सितंबर तक तीन ट्रिप संचालित होगी। ट्रेन दिल्ली से शाम 6:50 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04416 रींगस-दिल्ली अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा 4 सितंबर से 6 सितंबर तक तीन ट्रिप चलेगी। यह ट्रेन रींगस से रात 2 बजे रवाना होकर सुबह 7 बजे दिल्ली पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार दोनों दिशाओं में चलने वाली यह स्पेशल ट्रेन मार्ग में दिल्ली सराय, दिल्ली कैंट, गुरुग्राम, पटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल और नीमकाथाना रेलवे स्टेशनों पर ठहरेगी। ऐसे में नारनौल सहित आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को दिल्ली और रींगस के बीच सफर के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी। इस स्पेशल रेलसेवा में कुल 16 डिब्बे होंगे। इनमें 14 साधारण श्रेणी के डिब्बे और दो गार्ड डिब्बे शामिल हैं। अनारक्षित श्रेणी की ट्रेन होने के कारण यात्री सामान्य टिकट लेकर सफर कर सकेंगे। रेलवे ने यात्रियों से समय से स्टेशन पहुंचकर यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।