इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी मीरपुर की बीएड प्रथम वर्ष परीक्षा में अव्यवस्था का मामला संवाद न्यूज एजेंसी महेंद्रगढ़। शहर के राजकीय महिला महाविद्यालय में आयोजित इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर की बीएड प्रथम वर्ष की परीक्षा के दौरान बड़ी अव्यवस्था और लापरवाही का मामला सामने आया है। परीक्षा देने पहुंचे कई परीक्षार्थियों को सीटिंग प्लान में अपने रोल नंबर नहीं मिले, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। परीक्षार्थी निर्धारित समय पर एडमिट कार्ड लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचे थे, लेकिन सीटिंग प्लान में रोल नंबर दर्ज नहीं होने के कारण वे इधर-उधर जानकारी लेने के लिए भटकते रहे। काफी देर तक असमंजस की स्थिति बनी रही, जिसके चलते कई परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश करने में लगभग पंद्रह से बीस मिनट की देरी हुई। एक परीक्षार्थी के अभिभावक गौतम कुमार ने बताया कि वे अपने परीक्षार्थी के साथ निर्धारित समय पर दोपहर बारह बजे परीक्षा केंद्र पहुंच गए थे, लेकिन सीटिंग प्लान में कई परीक्षार्थियों के रोल नंबर नहीं थे। इसके बाद उन्होंने कॉलेज प्रशासन को इसकी जानकारी दी। प्रशासन ने कार्यालय में रिकॉर्ड की जांच की और परीक्षा शुरू होने के समय के बाद में हाथ से रोल नंबरों में सुधार कर परीक्षार्थियों को उनकी सीट आवंटित की। इसके बाद ही उन्हें परीक्षा कक्ष में प्रवेश मिल सका। परीक्षार्थियों का कहना है कि यदि परीक्षा शुरू होने से पहले ही सीटिंग प्लान सही तरीके से तैयार किया गया होता, तो उन्हें इस तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता। इस अव्यवस्था के कारण उनका समय भी बर्बाद हुआ और परीक्षा शुरू होने से पहले उन्हें अनावश्यक तनाव का सामना करना पड़ा।