जिला प्रशासन महेंद्रगढ़ ने रसोई गैस की कालाबाजारी और व्यावसायिक स्थानों पर घरेलू सिलिंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए एक माह में प्रदेश में सबसे अधिक कार्रवाई की हैं। उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि पिछले एक माह के दौरान जिला प्रशासन द्वारा की गई मुस्तैदी का ही परिणाम है कि पूरे हरियाणा में महेंद्रगढ़ जिला कार्रवाई के मामले में शीर्ष पर रहा है। उन्होंने बताया कि इस सख्त अभियान की वजह से जिले में एलपीजी की सप्लाई अब बिल्कुल सामान्य हो गई है और उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ रहा है। खाद्य एवं पूर्ति विभाग की छह विशेष टीमों द्वारा नारनौल, महेंद्रगढ़, सतनाली, कनीना, अटेली और नांगल चौधरी के शहरी क्षेत्रों में स्थित ढाबों और दुकानों पर सघन छापेमारी की गई। अब तक कुल 41 स्थानों पर दी गई दबिश में विभाग ने 179 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए हैं। उन्होंने बताया कि यह चेकिंग अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा ताकि पात्र उपभोक्ताओं के हक पर डाका डालने वालों पर नकेल कसी जा सके। वर्तमान में जिले की 21 गैस एजेंसियों के माध्यम से प्रतिदिन 4000 से 5000 सिलिंडरों की डिलीवरी सुचारू रूप से की जा रही है और प्रशासन के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इस संबंध में सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अरुण सैनी ने बताया कि आमजन की सुविधा और कालाबाजारी की सूचना देने के लिए विभाग द्वारा हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। इन कॉलोनीवासियों के उपभोक्ता लगवा सकते हैं पीएनजी कनेक्शन: सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अरुण सैनी ने बताया कि पीएनजी कनेक्शन नारनौल के विभिन्न क्षेत्रों जैसे हुडा, एम्प्लॉई कॉलोनी, मालवीय नगर और रेवाड़ी रोड सहित कई इलाकों में अडानी गैस की पाइपलाइन चालू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पीएनजी न केवल सुरक्षित है, बल्कि एलपीजी की तुलना में अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल भी है। सहायता के लिए कस्टमर केयर नंबर 07969221100 या 07947545252 पर संपर्क किया जा सकता है।