कुरुक्षेत्र जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। सीआई, एंटी नारकोटिक्स सेल व डॉग स्क्वायड टीम ने शाम को गांधी नगर में धावा बोल दिया। यहां पर टीम ने गहनता से घर-घर जाकर तलाशी ली। पुलिस की कार्रवाई से गांधी नगर में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक जिला पुलिस ने नशे के हॉट स्पॉट इलाके गांधी नगर व कीर्ति नगर में दबिश दी। टीम ने यहां घर, दुकान और हर रेहड़ी की बारीकी से तलाशी ली। टीम ने नशीले पदार्थों की तलाश के लिए स्निफर डॉग की मदद भी ली। साथ ही कुछ संदिग्ध लोगों के ठिकानों का बारीकी से जायजा लिया गया। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को तैनात किया गया था। बताते चलें कि गांधी नगर और कीर्ति नगर में कई बार पुलिस टीम पर हमला हो चुका है। इसलिए अभियान के लिए विशेष तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया था। पूरे इलाके पर ड्रोन से निगरानी रखी जा रही थी।