अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 10 संगठनों से जुड़े सैंकड़ों किसान सड़क पर उतर आए, जिन्हें पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास से कुछ दूरी पहले ही बेरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। यहीं पर किसानों ने पड़ाव भी शुरू कर दिया है। किसानों ने यहां जमकर नारेबाजी की तो अगले तीन दिन तक रात को भी पड़ाव जारी रखने का ऐलान किया। सैंकड़ों की संख्या में पहुंचे किसानों को देख पुलिस की भी सांसें फूली रही और उन्हें मुख्यमंत्री आवास पर जाने से रोकने के लिए पुख्ता प्रंबध किए गए। किसान शांतपूर्ण पड़ाव पर बैठे तो पुलिस ने भी राहत की सांस ली। किसान पहले पिपली स्थित ताऊ देवीलाल पार्क में एकत्रित हुए, जहां से वे रोष मार्च निकालते हुए मुख्यमंत्री आवास की ओर निकले। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने दो जगहों पर नाकेबंदी की हुई थी। किसान पहली नाकेबंदी से गुजर कर जिंदल चौक के पास पहुंच गए, जहां डीएसपी शाहाबाद रामकुमार व डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल पुख्ता बंदोबस्त के लिए तैनात रहा। पुलिस ने किसानों को जिंदल चौक पर ही रोक लिया, जहां पर किसानों ने गद्दे डालकर अपना पड़ाव शुरू कर दिया। किसानों ने यहीं पर दोपहर करीब साढ़े तीन बजे खाना खाया तो जमकर नारेबाजी भी की। इसके बाद किसानों ने यहां हुक्का से लेकर बिस्तरे तक मंगवा लिए तो वहीं खाने के लिए भट्ठियां भी शुरू की गई।