डॉक्टरों की हड़ताल और रविवार के अवकाश के चलते करीब 72 घंटे तक प्रभावित रही स्वास्थ्य सेवाएं सोमवार सुबह से फिर पटरी पर लौट आईं। सुबह 9 बजे जैसे ही नागरिक अस्पताल की ओपीडी खुली, मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। पिछले तीन दिनों से इलाज का इंतजार कर रहे मरीज बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे, जिससे ओपीडी में काफी भीड़ देखने को मिली। डॉक्टरों की हड़ताल के कारण पिछले दो दिनों तक सामान्य ओपीडी सेवाएं बंद रही थीं, जबकि रविवार को साप्ताहिक अवकाश के चलते अस्पताल में केवल इमरजेंसी सेवाएं ही संचालित की गईं। ऐसे में सोमवार को बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे। सुबह से ही रजिस्ट्रेशन काउंटर और विभिन्न विभागों के बाहर मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ लगी रही। तीन दिन से इलाज का इंतजार कर रहे थे मरीज ओपीडी बंद रहने के कारण कई मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और दूरदराज से आने वाले मरीजों को इलाज के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा। सोमवार को ओपीडी खुलते ही मरीजों की भीड़ बढ़ गई और अस्पताल परिसर में काफी हलचल नजर आई।