गढ़ीबीरबल के नजदीक उमरपुर गांव में झाड़ियों में मिले नाबालिग के शव की पहचान हो गई है, लड़की कैराना की रहने वाली है। हत्या के बाद उसके शव को यहां झाड़ियों में फेंका गया था। बुधवार की सुबह शव मिलने के बाद सतर्क हुई पुलिस ने दोपहर तक पहचान कर ली है। एसपी गंगाराम पूनिया ने बताया कि मृतका का मंगलवार को उसके भाई के साथ झगड़ा हुआ था, इसका पुलिस को वीडियो भी मिला है। इसी वीडियो के आधार पर प्राथमिक जांच में यह लग रहा है कि उसकी हत्या में भाई संलिप्त है। एसपी ने बताया कि लड़की कैराना में अपनी बहन के पास रहती थी, उसके माता-पिता की पहले मौत हो चुकी है। इस मामले में पुलिस की चार टीमें जांच में जुटी हैं और इनपुट जुटाए जा रहे हैं। देखने में लड़की की उम्र भी 16 या 17 वर्ष लग रही है। सीआईए की टीम कैराना गई है, जहां से परिवार को साथ लाया जाएगा और उनके बयान भी लिए जाएंगे।