करनाल/मूनक। डीसी साहब... मेरी कुरलन गांव में आधा किला जमीन है। जिस पर चाचा-ताऊ कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। मैने मूनक थाना में शिकायत दी थी कोई कार्रवाई नहीं हुई। फिर एसडीएम को दी तो वो शिकायत भी थाने में आकर अटक गई। कृपया जांच कराकर मुझे न्याय दिलाएं। यह फरियाद मुकेश कुमार ने रखी। मौका था मूनक गांव में डीसी डॉ. आनंद शर्मा के रात्रि ठहरावा कार्यक्रम का। इस दौरान डीसी ने ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को इनके प्राथमिकता के आधार पर समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान करीब 50 फरियादी डीसी के समक्ष शिकायतें लेकर पहुंचे। डीसी ने एसडीएम को मुकेश सहित सभी मामलों पर कार्यवाही एवं जांकके निर्देश दिए। रात्रि ठहराव के दौरान सरपंच फूल कुमारी व सरपंच प्रतिनिधि ओमप्रकाश ने डीसी व अन्य अधिकारियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इसके उपरांत उन्होंने बारी-बारी से गांववासियों की समस्याएं सुनी। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा 51 शिकायतें एवं समस्याएं रखी गईं। ग्रामीणों ने सडक़, पीपीपी में आय सत्यापन, अवैध कब्जे छुड़वाने,बिजली, पेयजल, गलियों, नालियों, सफाई, पेंशन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं से डीसी को अवगत कराया। डीसी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि प्रशासन का उद्देश्य लोगों को उनके घर-द्वार के नजदीक बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर एडीसी डॉ राहुल रईया, सीईओ जिला परिषद अमित कुमार, एसडीएम सुमित सिहाग, डीएसपी गौरखपाल राणा, बीडीपीओ मोनिका, बीडीपीओ उमेद सिंह, मार्केट कमेटी चेयरमैन प्रवीन राणा, ब्लॉक समिति के चेयरमेन जितेंद्र संधु मौजूद रहे।