यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में वीरवार सुबह पेहोवा चौक, कैथल पर ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश कुमार की अगुवाई में पुलिस ने रोड रोलर की सहायता से 70 से अधिक बुलेट बाइकों के मॉडिफाइड साइलेंसर नष्ट करवाए। यातायात थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने बताया कि कुछ युवक अपनी बुलेट बाइकों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर स्कूल-कॉलेजों के बाहर तेज आवाज में पटाखे बजाते थे। इससे विद्यार्थियों और आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता था तथा क्षेत्र में दहशत का माहौल बनता था। ऐसे बाइक चालकों के खिलाफ कैथल यातायात पुलिस ने नियमानुसार चालान किए। उन्होंने बताया कि कार्रवाई के दौरान मौके पर मैकेनिक बुलाकर संबंधित बाइकों से मॉडिफाइड साइलेंसर उतरवाए गए और उनकी जगह निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर लगवाए गए। पुलिस ने उतारे गए साइलेंसरों को जब्त कर लिया था। दोबारा इस्तेमाल रोकने के लिए की गई कार्रवाई इंस्पेक्टर रमेश कुमार के अनुसार, जब्त किए गए 70 से अधिक मॉडिफाइड साइलेंसरों को वीरवार सुबह पेहोवा चौक पर रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया गया, ताकि उनका दोबारा इस्तेमाल न किया जा सके। कैथल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों में निर्धारित मानकों के अनुरूप साइलेंसर का ही प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।