मंगलवार को गांव बाता में जमीन रंजिश में दो भाईयों पर लाठी व गंडासी से हमला करने वाले पांच आरोपी पुलिस ने काबू कर लिए। इनमें गांव बाता निवासी सुरेंद्र, धर्मवीर, ओमबीर, सलिंद्र व आशु शामिल हैं। पांचों आरोपियों से पुलिस ने सीआईए वन थाना में उठक बैठक भी लगवाई। सभी आरोपियों ने कान पकड़कर माफी मांगी और बोले कि दोबारा ऐसा नहीं करेंगे। डीएसपी रोहताश कुमार ने पत्रकारों से जानकारी देते हुए बताया कि गांव बात्ता निवासी संजीव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह खेती-बाड़ी का कार्य करता है और उसका अपने पड़ोसियों के साथ पिछले करीब एक साल से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। यह मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। 18 अप्रैल 2026 की शाम करीब 5 बजे वह अपने भाई राजीव के साथ खेत में बने अपने ढाबे “जय बाबा राजपुरी भोजनालय” के सामने तुड़ी डलवा रहा था। इसी दौरान आरोपी पंकज, अशोक और एक अन्य युवक मोटरसाइकिल पर वहां आए और उन्हें देखकर वापस चले गए। कुछ ही देर बाद नरेंद्र और सुरेंद्र सहित अन्य आरोपी अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर लाठी, गंडासी, पिस्तौल व अन्य हथियारों से लैस होकर मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर दोनों भाइयों को घेर लिया और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले के दौरान आरोपी निवासी सिंदा ने उसके भाई राजीव को चोटें मारी, जबकि अन्य आरोपियों उसको व उसके भाई को लात-घूंसे व डंडों से वार किए। हमलावरों ने दोनों भाइयों को ढाबे के अंदर जाने से रोकते हुए उन्हें गंभीर चोटें पहुंचाई और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। जिस बारे थाना कलायत में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने सीआईए-1 पुलिस को तुरंत आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए। सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की टीम ने आरोपी गांव बाता निवासी सुरेंद्र, धर्मवीर, ओमबीर, सलिंद्र व आशु को काबू कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह झगड़ा जमीनी विवाद को लेकर था। इस हमले का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पांच लोग दोनों भाइयों पर हमला करते दिखाई दे रहे है। इसी वीडियो की मदद से पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।