जिला के नागरिक अस्पताल में हड़ताल के पहले दिन कोई खास असर देखने को नहीं मिला। मरीजों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो इसको लेकर करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज से 40 डॉक्टर बुलाए गए, जिन्होंने इस दौरान मोर्चा संभालकर अस्पताल में सारी व्यवस्था को बनाए रखा। इमरजेंसी सेवाएं और ऑपरेशन भी रोजाना की तरह किए गए। रोजाना की तरह मरीजों को उपचार मिला। जिला कैथल में सरकारी डॉक्टरों की संख्या 58 हैं, जिनमें से केवल 16 डॉक्टर ही ड्यूटी पर तैनात थे। अस्पताल के हड्डी, आंखों, गले, कान के स्पेशलिस्ट डॉक्टर व फिजिशियन सहित डिप्टी सिविल सर्जन भी हड़ताल में शामिल हुए। फिर भी मरीजों को जांच और इलाज में किसी प्रकार की परेशानी नहीं उठानी पड़ी। ऑपरेशन व अन्य आपातकालीन कार्य सुचारू रूप में किए गए। डॉक्टरों की हड़ताल को देखते हुए जिला उपायुक्त अपराजिता भी जिला के नागरिक अस्पताल पहुंची और तमाम व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मरीजों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो इसको देखते हुए जिला उपायुक्त ने अस्पताल में अलग-अलग डॉक्टरों के कक्ष में पहुंच जायजा लिया। इस दौरान सीएमओ डॉ. रेनू चावला भी उनके साथ मौजूद रहीं।