शहर के कुम्हारन मोहल्ले में एक व्यक्ति ने अपने कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह 20 सालों से किराये पर अकेला रहता था। फिलहाल व्यक्ति के परिजनों का पता नहीं चला है। पुलिस ने शव फिलहाल शवगृह में रखवा दिया है। कुम्हारन मोहल्ले में 45 वर्षीय राजबीर करीब 20 सालों से किराये के मकान में अकेला रह रहा था। वह मकान पर ही कपड़े सिलाई का काम करता था। हालांकि वह शराब पीने का आदी था। सोमवार दोपहर को उसने अपने मकान में ही फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसियों को जब इस घटना के बारे में पता चला तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को नीचे उतारा और नागरिक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसके पास ऐसा कुछ भी नहीं मिला, जिससे उसके परिजनों के बारे में जानकारी मिल सके।