सीआरएस विश्वविद्यालय रोड पर मंगलवार को तेज रफ्तार कार ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया, लेकिन उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है, लेकिन अभी तक उसे होश नहीं आया है। उत्तराखंड के खटीमा शहर निवासी 40 वर्षीय दीपक यूनिवर्सिटी रोड स्थित एक निजी होटल में काफी समय से काम करता है। वह होटल में ही रहता है जबकि उसका परिवार उत्तराखंड में है। मंगलवार रात को वह कुछ कार्य के लिए बाइक पर सवार होकर होटल से निकला ही था कि तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। होटल कर्मचारियों ने तुरंत उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। फिलहाल उनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्हें अभी तक होश नहीं आया है। टक्कर लगने के बाद कार डिवाइडर की ग्रिल तोड़ते हुए स्ट्रीट लाइट के पोल से जा टकराई। गनीमत यह रही कि आसपास कोई वाहन नहीं था, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।