शनिवार अल सुबह से ही जुलाना क्षेत्र में जोरदार बरसात का दौर शुरू हो गया। तेज बारिश के कारण कस्बे की गलियों और मुख्य बाजार में जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। बारिश का पानी कई स्थानों पर सड़कों पर जमा होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी दुकानदारों और राहगीरों को हुई। तेज बरसात के चलते जुलाना के पुलिस थाने और नगरपालिका कार्यालय परिसर में भी पानी भर गया। कार्यालय परिसर में जलभराव होने से कर्मचारियों और विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले लोगों को परेशानी हुई। पुलिस थाने के आसपास भी पानी जमा होने से पुलिस कर्मचारियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कस्बे के मुख्य बाजार में कई स्थानों पर बरसाती पानी सड़कों पर जमा हो गया। दुकानदारों ने बताया कि बरसात के दौरान जलनिकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बार ऐसी स्थिति बन जाती है। पानी निकासी के लिए बनाई गई नालियों में कई जगह गाद और कचरा जमा होने के कारण बरसाती पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। जुलाना में जलभराव की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। हल्की बारिश में भी कई गलियों में पानी जमा हो जाता है, जबकि तेज बरसात होने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है। लोगों ने प्रशासन से बरसात से पहले नालियों की सफाई करवाने और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। शनिवार को हुई बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं जलभराव ने नगरपालिका की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।